ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 15 मजदूर घायल, सवाल – आखिर कब बंद होगा ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी ढोना

आगरा फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के टीकरी-रोझौली मार्ग पर गुरुवार सुबह एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा हो गया। ट्रॉली में सवार करीब 15-16 मजदूर घायल हो गए। घटना सुबह 8 बजे के आसपास हुई।
विक्रम बाबा के खेत में धान की रोपाई के लिए जा रहे मजदूरों की ट्रॉली टीकरी से एक किलोमीटर की दूरी पर अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर चालक योगेश, जो विक्रम सिंह का पुत्र है, वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया।
घायलों में विमला देवी, सुनीता, शीला देवी, मछला सोलंकी, सुखी, सुमन और सीमा समेत अन्य मजदूर शामिल हैं। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने ट्रॉली के नीचे दबे मजदूरों को निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद कुछ गंभीर घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया है। स्थिति अब नियंत्रण में है और सभी घायलों का इलाज जारी है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारी ढोने पर पहले से रोक है। इसका उपयोग केवल कृषि कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के बाद भी नियमों की अनदेखी की जा रही है।