खंदौली में लगा जाम कई वाहन फंसे, लोगों को हुई परेशानी, हर बार की तरह नहीं की कोई तैयारी

आगरा। गुरुवार को भाईदूज के दिन खंदौली क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हाइवे पर दोनों तरफ करीब दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
इस जाम में हजारों वाहन फंस गए और यात्री परेशान होते रहे। गर्मी से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का बुरा हाल हो गया। कई वाहन चालक घंटों इंजन बंद कर सड़क किनारे बैठे रहे।
जाम में कई एम्बुलेंस भी फंस गईं। इससे मरीजों की हालत बिगड़ने लगी। त्योहार पर बहनों को भाइयों के घर पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बढ़ते यातायात को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात नहीं किया गया। वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था भी नहीं की गई। हालात बिगड़ने पर पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में मशक्कत करते नजर आए। लेकिन वाहनों की लंबी कतार और दबाव के आगे उनके प्रयास कारगर नहीं हुए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के मद्देनजर पहले से ट्रैफिक योजना बनाई जानी चाहिए थी। देर से शुरू हुई कार्रवाई के कारण यात्रियों का दिन सड़क पर ही कट गया। भाईदूज की खुशियां फीकी पड़ गईं। लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
				
					


