
*रामबाग पर बसों से वसूला जाता है गुंडा टैक्स,
न देने पर संचालक पर हमला,
8000 रुपये छीनने का आरोप –
थाना एत्माद्दौला पर कई दर्जन बस संचालक धरने पर बैठे
, बोले – कार्रवाई नहीं तो आगरा-जलेसर की बसें नहीं चलेंगी*
*आगरा / एत्माद्दौला*
रामबाग चौराहा से जलेसर तक चलने वाली बसों से कथित तौर पर वर्षों से अवैध वसूली का मामला अब बड़े आंदोलन में बदल गया है। बस संचालकों का आरोप है कि हर बस से रोजाना 250 रुपये गुंडा टैक्स के नाम पर वसूला जाता है। पैसे न देने पर मारपीट की जाती है और बसों को चलने नहीं दिया जाता। इसी को लेकर बुधवार को थाना एत्माद्दौला पर कई दर्जन बस संचालक एक साथ पहुंच गए और थाने पर ही बैठ गए।
संचालकों ने साफ कहा है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आगरा से जलेसर के लिए बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।
*थाने पर बैठे कई दर्जन संचालक*
शिकायत के बाद जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो नाराज बस संचालक बड़ी संख्या में थाना एत्माद्दौला पहुंच गए। कई दर्जन संचालक थाने परिसर में ही बैठ गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।
संचालकों का कहना है कि वे रोज-रोज की वसूली और मारपीट से तंग आ चुके हैं। कभी 250 रुपये रोज का हिसाब लगाया जाए तो महीने में हजारों रुपये सिर्फ गुंडा टैक्स में चले जाते हैं। इसके बाद भी गाड़ी, डीजल, ड्राइवर, कंडक्टर और किश्त का खर्च अलग से उठाना पड़ता है।
धरने पर बैठे संचालकों ने कहा, “हम मेहनत करके बस चलाते हैं, गुंडा टैक्स देने के लिए नहीं। अगर पुलिस ने अभी कार्रवाई नहीं की तो हम बस नहीं चलाएंगे।”
इस हंगामे के चलते थाने पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
*12 नवंबर की घटना का आरोप*
शिकायत के अनुसार, प्रार्थी भूपेन्द्र पुत्र धर्मेन्द्र सिंह, निवासी गढ़ी सहसा, महावतपुर, आगरा पिछले करीब 10 वर्षों से रामबाग चौराहा से जलेसर तक अपनी बस वाहन संख्या UP80 BT 7370 का संचालन कर रहे हैं।
शिकायत में कहा गया है कि 12/11/26 को सुबह भूपेन्द्र पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। आरोप है कि हमला करने वालों में पंकज सिकरवार निवासी नई की सराय, जलेसर रोड, राम किशोर, इब्राहिम व दो अन्य लोग शामिल थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंकज सिकरवार, राम किशोर, इब्राहिम आदि प्रतिदिन प्रत्येक वाहन से 250 रुपये वसूलते हैं। 12/11/26 को अवैध उगाही के पैसे न देने पर उनके ऊपर हमला किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि हमले के दौरान उनके पास से 8000 रुपये छीन लिए गए। मारपीट में उनके चेहरे पर, पेट व पैर में गंभीर चोट आई है।
*इब्राहिम नाम के युवक पर वसूली का आरोप*
शिकायत में इब्राहिम नाम के युवक पर भी वसूली में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यही लोग रोजाना वसूली करते हैं और मना करने पर किसी अन्य की बस संचालित नहीं करने देते।
शिकायत में आरोप है कि पंकज सिकरवार गुंडा प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जो आए दिन लोगों से मारपीट करता रहता है और अवैध वसूली करवाता है। मना करने पर आगरा-रामबाग से जलेसर तक संचालित होने वाली बसों को चलने नहीं दिया जाता।
*कई बरसों से वसूला जा रहा है गुंडा टैक्स – संचालकों का आरोप*
बस संचालकों का कहना है कि यह वसूली कोई एक दिन की नहीं है, बल्कि कई बरसों से चल रही है। रोजाना 250 रुपये के हिसाब से हर बस से बड़ी रकम वसूली जाती है। इसका विरोध करने वालों को धमकाया जाता है और मारपीट की जाती है।
संचालकों का आरोप है कि अगर कोई संचालक पैसा देने से मना करता है तो उसे रास्ते में रोककर पीटा जाता है, गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया जाता और यात्रियों के सामने बेइज्जत किया जाता है। इसी डर से कई संचालक चुपचाप पैसा दे देते हैं।
*यात्रियों को भी हो रही परेशानी*
संचालकों के धरने पर बैठने और बसों का संचालन बंद करने की चेतावनी से आगरा-जलेसर रूट के यात्रियों में भी परेशानी बढ़ गई है। संचालकों का कहना है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकाल के लिए बसें बंद रखेंगे। इससे रोजाना सफर करने वाले सैकड़ों यात्रियों को दिक्कत होगी, लेकिन इसके लिए वसूली करने वाले लोग जिम्मेदार होंगे।
*कार्रवाई की मांग*
शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी, एत्माद्दौला थाना, आगरा से प्रार्थना की है कि पंकज सिकरवार, राम किशोर, इब्राहिम व अन्य लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि बसों का संचालन सुरक्षित तरीके से हो सके और अवैध वसूली पर रोक लग सके।
धरने पर बैठे संचालकों ने भी यही मांग दोहराई है। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे थाने से नहीं उठेंगे और बसों का संचालन शुरू नहीं करेंगे।
फिलहाल पुलिस को शिकायत मिली है। संचालकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


