
*बरहन में शिव मंदिर प्रकरण को लेकर मारपीट का आरोप, युवक का दांत टूटा, नाक में फ्रैक्चर — 4 नामजद समेत 6 के खिलाफ FIR*
*बरहन (आगरा)।* थाना बरहन क्षेत्र के मैन बाजार में 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे एक युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने घात लगाकर हमला किया, गला घोंटने का प्रयास किया और शिव मंदिर प्रकरण में बोलने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने 4 नामजद समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR के अनुसार, वादी प्रभात जैन पुत्र महेश चन्द जैन निवासी मैन बाजार, बरहन 28 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे सनलाइट मार्केट में अपने बीमार मित्र व उसकी पत्नी को देखने गए थे। करीब 9:30 बजे वापस लौट रहे थे। आरोप है कि कुछ ही कदम चलने के बाद पहले से घात लगाए बैठे गजेन्द्र कुमार उर्फ गज्जू पुत्र चन्द्रभान जैन, अभिषेक, अर्पित उर्फ आर्जव, जोयल व 2 अन्य साथियों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
वादी का आरोप है कि जोयल जैन ने उनके गले में स्कार्फ / स्वाफी डालकर गला घोंटने का प्रयास किया, जिससे उनकी सांस रुक सी गई। अर्पित और अभिषेक ने लाठी-डंडों से अंधाधुंध प्रहार किए, जिससे सिर, नाक और मुंह में गंभीर चोटें आईं। मारपीट में वादी का 1 दांत टूट गया और नाक में फ्रैक्चर हो गया।
FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि पीटते-पीटते जब वादी गिर पड़े और चिल्लाने लगे तो गजेन्द्र कुमार ने उनकी छाती पर पैर रखकर धमकाते हुए कहा कि आज के बाद तुझे सामाजिक स्थान में देख भी लिया तो अब तेरी खैर नहीं, तू अगली बार जिंदा ही नहीं बचेगा। तूने शिव मंदिर प्रकरण में बहुत सत्यवादिता दिखाई थी, अब तू उस प्रकरण में कुछ भी बोला तो तुझे जिंदा ही नहीं छोड़ेंगे।
घटना के बाद वादी ने थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक प्रमोद यादव को सौंपी है। FIR में नामजद सभी आरोपी मैन मार्केट, कस्बा बरहन के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



