
*गुंडा टैक्स वसूलने वालों पर लिखा गया मुकदमा*
*आगरा-जलेसर रोड पर चलने वाली बसों से वसूला जा रहा था गुंडा टैक्स*
*आगरा, एत्माद्दौला।* आगरा-जलेसर रोड पर चलने वाली बसों से गुंडा टैक्स वसूलने का मामला सामने आया है। प्रार्थी भूपेन्द्र पुत्र धर्मेन्द्र सिंह, निवासी गढ़ी सहजा, थाना बरहन, जो रामबाग से जलेसर के लिए बस चलाते हैं, की शिकायत पर थाना एत्माद्दौला में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमा के अनुसार नामजद आरोपी रामकिशोर पुत्र हेत सिंह, निवासी नाई की सराय, थाना खंदौली और इब्राहिम, निवासी नाई की सराय बम्बा, थाना खंदौली हैं। इनके साथ दो अन्य अज्ञात व्यक्ति भी बताए गए हैं।
शिकायत के अनुसार दिनांक 12.11.2026 को सुबह करीब 10:30 बजे प्रार्थी अपनी बस रामबाग पार्क के सामने खड़ी करके सवारी भर रहे थे। आरोप है कि तभी आरोपियों ने कहा कि यहाँ सवारी नहीं भर सकते, अगर भरना है तो 250 रुपये प्रति चक्कर देने पड़ेंगे।
मना करने पर मारपीट का आरोप है। FIR में कहा गया है कि रामकिशोर ने चाकू से चेहरे पर मार दिया और अन्य लोगों ने लात-घूंसों से मारा। माँ-बहन की गालियां देने, कपड़े फाड़ने और जेब से 8000 रुपये गायब होने का भी आरोप है। भीड़ इकट्ठा होने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग जाने का आरोप है।
थाना एत्माद्दौला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।



