विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस पर कीर्ति फाउंडेशन ने विशेष बच्चों के साथ मनाया जागरूकता एवं उत्सव कार्यक्रम
चिकित्सकीय परामर्श, फिजियोथेरेपी असेसमेंट, अभिभावक संवाद एवं नन्हे चैंपियंस का हुआ सम्मान

लखनऊ। विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस के अवसर पर कीर्ति फाउंडेशन, लखनऊ द्वारा कल्याणपुर स्थित कीर्ति फाउंडेशन परिसर में सेरेब्रल पाल्सी (CP) से प्रभावित एवं अन्य विशेष बच्चों के लिए विशेष जागरूकता, स्वास्थ्य एवं उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष बच्चों की क्षमताओं को पहचानना एवं प्रोत्साहित करना, उनके अभिभावकों को उचित चिकित्सकीय एवं पुनर्वास संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना तथा समाज में विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. कीर्ति पाण्डेय, MPT (Paedia), Paediatric Rehabilitation Expert एवं President, Kirti Foundation के नेतृत्व में किया गया। डॉ. कीर्ति पाण्डेय को विशेष बच्चों के साथ कार्य करने का 18 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों की फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास संबंधी आवश्यकताओं पर अभिभावकों को महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में डॉ. इंद्रनील चटर्जी MBBS की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों में होने वाली अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में अभिभावकों को चिकित्सकीय जानकारी दी तथा बच्चों की आवश्यकताओं के अनुसार परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम में हुईं विभिन्न गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए फन, फिगर एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही फिजियो एवं पीडियाट्रिक असेसमेंट के माध्यम से बच्चों की शारीरिक एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया गया।
अभिभावकों के लिए पैरेंट्स सपोर्ट एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चर्चा आयोजित की गई, जिसमें विशेष बच्चों के पालन-पोषण, उनके विकास, भावनात्मक सहयोग तथा परिवार की भूमिका पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण “नन्हे चैंपियंस सम्मान समारोह” रहा, जिसमें विशेष बच्चों की प्रतिभा, प्रयास और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करते हुए उनका सम्मान किया गया। इसके पश्चात बच्चों के साथ केक कटिंग कर विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस को उत्साह एवं खुशी के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में बच्चों और उनके अभिभावकों ने हरे रंग की पोशाक पहनकर सेरेब्रल पाल्सी के प्रति जागरूकता एवं एकजुटता का संदेश दिया तथा हरे रंग से खेलते हुए बच्चो ने अपने हाथो के छाप से पेड़ो की पत्तिया बनाई और पोस्टर पेन्टिंग का भरपूर आनंद उठाया ।
इस अवसर पर डॉ. कीर्ति पाण्डेय ने कहा कि सेरेब्रल पाल्सी बच्चों की क्षमता का अंत नहीं है, बल्कि उचित चिकित्सा, फिजियोथेरेपी, पुनर्वास, परिवार के सहयोग और समाज की संवेदनशीलता से बच्चे अपनी अनेक क्षमताओं को विकसित कर सकते हैं। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और समाज में समान अवसर प्रदान करना भी है।
कार्यक्रम में विशेष बच्चों एवं उनके परिवारों के साथ संवाद करते हुए यह संदेश दिया गया कि—
“जहाँ हौसला है, वहाँ हर रास्ता आसान है।”
कीर्ति फाउंडेशन द्वारा भविष्य में भी विशेष बच्चों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य, पुनर्वास, जागरूकता एवं सहयोग से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
स्थान: कीर्ति फाउंडेशन NGO, प्लॉट नं. 48, वृंदावन विहार कॉलोनी, 4वीं लेन, यूनिटी सिटी चौराहा के पास, कल्याणपुर, लखनऊ।


