आगराजनता की आवाज़

खून से लिखा पत्र तो अधिकारियों ने सुनी, क्या अब मंदिरो की सफाई के लिए हर बार खून से पत्र लिखना पड़ेगा?

आगरा। खंदौली में महापुरुषों की प्रतिमा के सामने फैली गंदगी को लेकर समाजसेवी भूपेंद्र भारद्वाज का खून से लिखा गया पत्र प्रशासन तक पहुंचा और अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। इस घटना के बाद अब शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई मंदिरों की साफ-सफाई और बदहाल व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अनेक मंदिरों के आसपास नियमित सफाई नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका सवाल है कि क्या धार्मिक स्थलों की सफाई और मूलभूत व्यवस्थाओं के लिए भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने हेतु खून से पत्र लिखना पड़ेगा?

नागरिकों का कहना है कि मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत का भी हिस्सा हैं। ऐसे में उनकी नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। हालांकि शहर में समय-समय पर स्वच्छता अभियान चलाने और नगर निगम द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का आरोप है कि विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है।

आशीष ने कहा की स्वच्छता प्रशासन की नियमित जिम्मेदारी है, न कि किसी दर्दनाक विरोध के बाद उठाया जाने वाला कदम। यदि समय रहते सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो, तो न श्रद्धालुओं को परेशानी होगी और न ही किसी नागरिक को अपनी बात मनवाने के लिए इस तरह का रास्ता अपनाना पड़ेगा।

इसी मुद्दे पर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के नेता गजेंद्र परमार जिला उपाध्यक्ष ने प्रशासन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि अधिकारियों को केवल खून से लिखा पत्र ही समझ आता है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने ग्राम पंचायत आँवलखेड़ा, गढ़ी मद्दे की सफाई व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि संबंधित सचिव अपनी मनमानी कर रहे हैं और शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी मंदिरों की सफाई, ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था और स्थानीय लोगों की शिकायतों पर कब तक ठोस कदम उठाते हैं, या फिर जनता को अपनी आवाज बुलंद करने के लिए किसी असाधारण तरीके का सहारा लेना पड़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button