
*आगरा में श्रीराम बारात को लेकर पुलिस का मेगा प्लान, चप्पे-चप्पे पर रहेगी तीसरी आंख की नजर*
*आगरा।* ताजनगरी में 6 अक्टूबर को निकलने वाली भगवान श्रीराम की भव्य बारात और जनकपुरी महोत्सव को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कमर कस ली है। आस्था के सैलाब पर सुरक्षा का पहरा रहेगा।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में हुई बैठक में अपर पुलिस आयुक्त *सचिन्द्र पटेल* ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि *श्रीराम बारात की गरिमा से कोई समझौता नहीं होगा।*
*फुलप्रूफ प्लान की मुख्य बातें -*
– बारात मार्ग पर जर्जर भवनों, लटके बिजली तारों और अतिक्रमण का दोबारा भौतिक सत्यापन होगा। जोखिम वाले स्थानों पर पहले से चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।
– पूरी बारात की *ड्रोन से निगरानी* होगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
– संवेदनशील इलाकों में *QRT, महिला पुलिस और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी* तैनात रहेंगे, जो भीड़ के बीच घूमकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
– अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर पूरी तरह रोक रहेगी। एंबुलेंस और फायर टेंडर के लिए आपात मार्ग हमेशा खुले रखे जाएंगे।
– भगदड़, आगजनी से लेकर हर आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, फायर सर्विस को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा।
– DJ की तेज आवाज पर भी निगरानी रहेगी, तय डेसीबल सीमा में ही ध्वनि यंत्र बजेंगे।
– सोशल मीडिया की हर हलचल पर पुलिस की तीसरी आंख रहेगी। अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई होगी।
– बारात से पहले सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें होंगी, सभी समुदायों के संभ्रांत लोगों से संवाद किया जाएगा। आस्था में खलल डालने वालों की पहले से कुंडली खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस बार बारात को समय से शुरू कर समय पर मनकामेश्वर मंदिर तक पहुंचाने पर जोर है। इसके लिए रूट पर भीड़ के दबाव वाले पॉइंट पहले से चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा।
बैठक में DCP सिटी सैयद अली अब्बास, DCP पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, नगर निगम और अग्निशमन विभाग के अधिकारी और श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।



