
*आगरा ब्रेकिंग: फतेहाबाद में हिस्ट्रीशीटर की सोते समय हत्या, खेत में खून से लथपथ मिला शव, गांव में सनसनी*
*आगरा।* फतेहाबाद क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। खेत पर नीम के पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रहे 35 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर प्रेमवीर की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
*नीम के नीचे सोते समय सिर पर वार*
बताया जा रहा है कि प्रेमवीर बुधवार रात रोज की तरह अपने खेत पर ही सो रहा था। रात में अज्ञात हमलावर आया और सोते हुए प्रेमवीर के सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर मौके से फरार हो गया। हमले में प्रेमवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो चारपाई पर खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
*पुलिस जांच में जुटी*
सूचना मिलते ही फतेहाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक प्रेमवीर का आपराधिक इतिहास रहा है, वह हिस्ट्रीशीटर था। पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास सुराग जुटाए जा रहे हैं। हमलावरों की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।



