खंदौली में नवरात्र में माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर जलभराव, ग्रामीणों में आक्रोश
प्रधान, सेक्रेटरी, ठेकेदार की मनमानी के चलते अब तक जलभराव की समस्या ज्यों की त्यों

आगरा। खंदौली क्षेत्र के ग्राम नेकपुर में नवरात्र के दौरान भी माता मंदिर जाने वाले सड़क मार्ग पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़क पर पानी भरा होने के कारण श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को मंदिर तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की समस्या को लेकर प्रधान, सेक्रेटरी और संबंधित ठेकेदार की मनमानी के चलते अब तक जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। नवरात्र जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर भी मंदिर मार्ग की स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल सड़क मार्ग पर गिट्टी डलवाकर रास्ते को चलने योग्य बनाया जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए।
उधर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश प्रचार मंत्री गिर्राज सिंह नौहवार व ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।



