आगरा

सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में भक्तों की भीड़:हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे मंदिर, भक्तों की लगी कतार

आगरा। माथे पर चंदन, हाथों में डमरू, बम-बम भोले के जयघोष, भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालु…। यह नजारा शिव मंदिरों में रविवार शाम से ही नजर आने लगा। राजेश्वर महादेव मंदिर रात्रि 12:05 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए गए। वहीं बल्केश्वर, रावली, कैलाश, मन:कामेश्वर, पृथ्वीनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार को लाखों की संख्या में भक्तों के अभिषेक के लिए पहुंचने लगे। पहले सोमवार को देखते हुए हर मंदिर पर मेले जैसा नजारा है। मंदिरों के बाहर दुकानें सज गई। वहीं
पूजा के सामान की बिक्री भी बड़ी संख्या में हुई। बाबा बल्केश्वर महादेव मंदिर महंत कपिल नागर ने बताया कि पहले सोमवार पर भोले बाबा का दूध, दही से अभिषेक किया जाएगा। सुबह 8 बजे से 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए जलधारी प्रारंभ हो गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक महंत अभिषेक करेंगे। इस दौरान जनता को रोक दिया जाएगा। दोपहर 1 बजे तक आरती कर बाबा के शयन के लिए पट बंद हो जाएंगे। 56 भोग के साथ बाबा को फूल बंगले के साथ सजाया जाएगा। शाम को 5 बजे से रात 11 बजे तक भक्तों के दर्शन के लिए कपाट खोले जाएंगे। श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए प्रशासन और मंदिर कमेटी की तरफ से पूरी तैयारी कर ली है।
कैलाश पर रुद्राभिषेक: बाबा कैलाश नाथ महादेव मंदिर महंत गौरव गिरी गोस्वामी ने बताया कि तड़के रुद्राभिषेक के बाद बाबा को पंच स्नान कराया जाएगा। उसके बाद आरती होगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा के प्रशासन की तरफ से पूरे इंतजाम कर लिए गए हैं।
बाबा पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर महंत अजय राजौरिया ने बताया कि मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए बाबा के दर्शन प्रारंभ हो गये। दिन में पांच बार आरती की जाएगी। दोपहर में 2 बजे से 4 बजे तक बाबा के शयन के लिए कपाट बंद हो जाएंगे। दोपहर 4 बजे आरती के साथ मंदिर के कपाट खोले जाएंगे जो रात 9 बजे शयन आरती के बाद बंद कर दिए जाएंगे।

Spread the love

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button