ऑटो में सवारी बैठाकर मोबाइल चोरी करने वाले उनके फोन के UPI से रकम निकालने वाले 4 शातिर गिरफ्तार

आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने ऑटो में सवारी बैठाकर मोबाइल चोरी और लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, चोरी के दो मोबाइल और 3,540 रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार सात मार्च को पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कराया था। उसने बताया कि चार मार्च को वह भगवान टॉकीज से सिकंदरा जा रहा था। रास्ते में पहले से ऑटो में बैठे तीन लोगों में से किसी ने उसकी जेब से मोबाइल निकाल लिया।
बाद में उसी मोबाइल के जरिए उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से रुपये भी ट्रांसफर कर लिए गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए खंदारी चौराहा के मेट्रो पुल के पास से मुस्तफा, बाबू, अरवाज और शीतल महावर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ऑटो में सवारियां बैठाकर उनके साथ चोरी और छिनैती की घटनाएं करते थे। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।



