खंदौली में अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के नाई की सराय में रविवार सुबह एक युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के अनुसार उदय नगर बम्बा, नाई की सराय निवासी पंकज (29) पुत्र प्रकाश आगरा में काम करता था। बताया गया है कि पड़ोस की एक विवाहिता से उसके संबंधों को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। इसी बात को लेकर परिजन उसे कई बार समझा चुके थे, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हो रहा था। रविवार सुबह भी इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि विवाद के बाद पंकज अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसने कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर न आने पर उसकी बहन उसे बुलाने कमरे में पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर पंकज को फंदे से लटका देख उसकी चीख निकल गई। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक खंदौली कुलदीप सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



