खंदौली में मुख्यमंत्री के नाम खून से लिखी चिट्ठी: महापुरुषों की प्रतिमा के सामने गंदगी से नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, सचिव को निलंबित करने की मांग

आगरा। खंदौली ब्लॉक परिसर के सामने स्थित शहीद स्मारक और ग्राम पंचायत चौकड़ा के शिव मंदिर के पास लंबे समय से लगे गंदगी के ढेर को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र भारद्वाज के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर विरोध जताया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
भूपेंद्र भारद्वाज ने कहा कि शहीद स्मारक और शिव मंदिर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास महीनों से कूड़ा-कचरा पड़ा है। सावन माह में शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी हुई है, इसके बावजूद सफाई व्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में तहसील दिवस सहित कई बार शिकायत और ज्ञापन दिए गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि गंदगी की समस्या के लिए जिम्मेदार ग्राम पंचायत सचिवों और खंड विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यदि शनिवार तक सफाई नहीं कराई गई तो सैकड़ों समाजसेवियों के साथ ब्लॉक परिसर में पहुंचकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान राष्ट्रीय लोक दल के जिला सचिव आगरा आशीष शर्मा, रालोद एत्मादपुर विधानसभा अध्यक्ष मनीष चौधरी और समाजसेवी विवेक शर्मा ने भी मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर विरोध जताया।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शहीद स्मारक और शिव मंदिर के आसपास तत्काल सफाई कराने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है



