*रक्षाबंधन पर ससुराल गया युवक रहस्यमय तरीके से लापता, ससुरालियों पर हत्या की आशंका, थाने पर ग्रामीणों का हंगामा*
थाना बरहन आगरा ,*रक्षाबंधन पर ससुराल गया युवक रहस्यमय तरीके से लापता, ससुरालियों पर हत्या की आशंका, थाने पर ग्रामीणों का हंगामा*

*रक्षाबंधन पर ससुराल गया युवक रहस्यमय तरीके से लापता, ससुरालियों पर हत्या की आशंका, थाने पर ग्रामीणों का हंगामा*
*बरहन, आगरा।* थाना बरहन क्षेत्र के अशोक नगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रक्षाबंधन पर ससुराल गया एक युवक आज तक घर वापस नहीं लौटा। युवक की बाइक और कपड़े ससुराल में ही पड़े हैं, लेकिन युवक गायब है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर अनहोनी कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर हंगामा किया।
*क्या है पूरा मामला?*
अशोक नगर निवासी प्रवीण कुमार का पुत्र पुष्पेंद्र कुमार रक्षाबंधन के त्योहार पर अपनी ससुराल ग्राम डबरई, थाना मटसेना, जिला फिरोजाबाद गया था। परिवार के अनुसार तब से वह वापस नहीं आया। जब काफी दिन तक कोई संपर्क नहीं हुआ तो परिजन ससुराल पहुंचे, तो वहां ससुरालीजन टालमटोल करने लगे और कोई जवाब नहीं दिया।
परिजनों का कहना है कि पुष्पेंद्र की बाइक, कपड़े और अन्य सामान आज भी ससुराल में ही रखा हुआ है, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई है।
*पुलिस पर लापरवाही का आरोप*
पीड़ित पिता का आरोप है कि वह पिछले कई दिनों से थाना बरहन और थाना मटसेना फिरोजाबाद के चक्कर काट रहा है, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। थक हार कर पिता मुख्यमंत्री दरबार और डीजीपी मुख्यालय लखनऊ तक न्याय की गुहार लगाने पहुंचा।
उच्च अधिकारियों से शिकायत के बाद आज शाम मटसेना पुलिस का एक दरोगा ससुरालीजनों को लेकर पीड़ित के घर बरहन आया। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी हो गई।
*थाने पर हंगामा*
पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर पीड़ित परिवार और सैकड़ों ग्रामीणों ने थाना बरहन पहुंचकर जोरदार हंगामा किया।
इस पर थाना बरहन पुलिस का कहना है कि घटना स्थल फिरोजाबाद जिले का है, इसलिए मुकदमा वहीं दर्ज होगा। हम हर संभव सहयोग करेंगे। वहीं फिरोजाबाद पुलिस पर पीड़ित परिवार ने उल्टा धमकाने का आरोप लगाया है।
खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों में थाने पर बातचीत जारी थी। युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है।



