आगरा

सीएमओ ने जागरुकता रैली को दिखाई हरी झंडी

आगरा। जनपद में 28 जून से सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को आवास विकास स्थित नगर निगम जोनल कार्यालय से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने किया। इसके उपरांत सेंट्रल पार्क में गोष्ठी का आयोजन भी हुआ, जिसमें अधिकारियों ने पोलियो उन्मूलन में जनसहभागिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “दो बूंद जिंदगी की”, “हर बच्चा, हर बार– पोलियो की दवा हर बार” जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से आमजन को 28 जून से प्रारंभ होने वाले पल्स पोलियो अभियान में अपने 0-5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने के लिए प्रेरित किया।

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि भारत को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 27 मार्च 2014 को ही पोलियो मुक्त घोषित किया जा चुका है, लेकिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो के मरीज पाए जाते हैं। ऐसे में भारत में भी पुनः पोलियो संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। इसलिए देश और प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और सघन पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। सभी जनपदवासियों से अपील है कि 28 जून से शुरू हो रहे पल्स पोलियो अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और अपने शून्य से पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।”

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान 6.84 लाख शून्य से पांच साल तक के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। 28 जून (रविवार) को 3588 बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जो बच्चे बूथ दिवस पर दवा पीने से छूट जाएंगे, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की 1761 टीमें 29 जून से तीन जुलाई (सोमवार से शुक्रवार) तक घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।

डिप्टी सीएमओ (आरसीएच) डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि वर्ष 2026 में पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में तीन-तीन पोलियो के केस हैं। ऐसे में भारत में ऐसी स्थिति न हो इसलिए एहतियातन भारत के भी हर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे को पोलियो से पूर्ण प्रतिरक्षित किया जाना अनिवार्य है। इसलिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को रविवार को बूथ पर ही पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं।

रैली के दौरान डॉ. उपेंद्र कुमार (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी), डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति (नोडल आरसीएच), डॉ. ऋषि गोपाल (नोडल एनयूएचएम), नितिन खन्ना (कार्यक्रम अधिकारी, जेएसआई), डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी तथा एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button