
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 24 सितंबर को पीडीए रथ के जरिए अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस दौरान वह रायबरेली के हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी के आवास पर पहुंचेंगे। अखिलेश यादव के दौरे को लेकर पार्टी की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस विशेष मल्टी-एक्सल बस का इंतजाम किया गया है।
मायावती ने साधा निशाना
अखिलेश यादव के प्रस्तावित पीडीए रथ अभियान को लेकर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का प्रचारित पीडीए रथ सपा के लाल रंग की तुलना में आरएसएस-भाजपा के भगवा रंग का अधिक दिखाई दे रहा है।
मायावती ने सवाल उठाया कि यह बदलाव वोटों के स्वार्थ के लिए रंग बदलने की रणनीति है या फिर समाजवादी पार्टी के प्रमुख का मुस्लिम मतदाताओं से वोट पाने का भरोसा कम हो गया है।
मुस्लिम मतदाताओं को लेकर भी टिप्पणी
मायावती ने अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुस्लिम समाज को इस बात का अहसास है कि पिछले चुनावों में समाजवादी पार्टी को एकतरफा समर्थन देने के बावजूद पार्टी भाजपा को उत्तर प्रदेश और केंद्र में सरकार बनाने से नहीं रोक पाई।
उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे में बार-बार सपा को वोट देकर अपना वोट क्यों खराब किया जाए। मायावती के मुताबिक, मुस्लिम समाज के साथ-साथ अगड़ी जातियों, विशेष रूप से ब्राह्मण समाज के बीच भी बीएसपी के पक्ष में रुख बदलने की बात सामने आ रही है।
चुनावी अभियान से पहले सियासी बयानबाजी तेज
अखिलेश यादव के पीडीए रथ अभियान और मायावती की प्रतिक्रिया से उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं। दोनों दलों की रणनीतियों और मतदाता आधार को लेकर राजनीतिक बहस के बीच 24 सितंबर को होने वाला अखिलेश यादव का दौरा चर्चा में है।



